गोहर (मंडी)। गोहर के एक युवक ने थाईलैंड की युवती को अपने प्यार में फंसाकर उससे शादी कर ली। हिंदू रीति रिवाज से दोनों ने शादी कर गांव वालों को मंडयाली धाम भी खिलाई। गोहर स्थित मौवीसेरी के देव बनियुरी मंदिर में विदेशी युवती ने स्थानीय युवक के साथ सात फेरे लिए हैं। गोहर की चच्योट पंचायत के ढगवाहन निवासी अमर सिंह के बेटे गगन ठाकुर ने चार वर्ष पूर्व होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग के बाद थाईलैंड के एक होटल में जॉब हासिल की। वहां काम करते हुए युवक की थाईलैंड में एक होटल के मालिक की बेटी के साथ मुलाकात हुई और दोनों का प्यार परवान चढ़ गया। इस बीच धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ती गईं और अंतत: दोनों ने शादी कर एक हो जाने का फैसला लिया। दोनों के परिजनों में आपसी बातचीत में शादी तय हो गई लेकिन युवती चाहती थी कि हिंदुस्तान आकर ही हिंदू रीति के अनुसार ही उनका विवाह हो। बीते चार दिसंबर को परिवारों की सहमति से दोनों वैवाहिक बंधन में बंध गए हैं। थाई युवती ने हिंदू जोड़े में सजधज कर सभी रीति रिवाजों को अपनाते हुए सात फेरे ले लिए हैं। मंडी जनपद के अधिष्ठाता देव बनियुरी, वर पक्ष के सगे संबंधी और स्थानीय लोग इस सामाजिक आज्ञा (विवाह) के गवाह बने।