बेटी पैदा होने पर रोपे जाएंगे ग्यारह पौधे
गोहर (मंडी)। स्वच्छता के लिए जिले में अपनी पंचायत को नंबर वन पर पहुंचाने और शराब बंदी जैसे अहम फैसले के लिए देशभर में सुर्खियों में रहने वाली युवा प्रधान जबना चौहान ने अब अपनी पंचायत में एक और पहल की है। उन्होंने अपनी पंचायत में बेटियों के संरक्षण के लिए अहम निर्णय लिया है। युवा प्रधान के अनुसार जब पंचायत में कोई बेटी जन्म लेगी तो उसके पैदा होने पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके तहत गांव में पैदा होने वाली बेटी के जन्म पर जहां संबंधित परिवार को मेरी लाडली योजना के तहत बधाई दी जाएगी, वही गांव में पैदा होने वाली लाडली बेटी के जन्म पर पौधरोपण किया जाएगा। पौधरोपण के तहत 11 पौधे इस लाडली बेटी के नाम पर लगाए जाएंगे। इसी कड़ी में सोमवार को जबना चौहान ने अपनी पंचायत से इसकी शुरुआत की है। उन्होंने गांववासियों के साथ मिलकर स्थानीय पंचायत के मझार गांव में टीकम चांद के घर पैदा हुई बेटी के जन्म पर परिजनों को बधाई दी और पौधरोपण कर एक नई पहल की। गौरतलब है कि जबना चौहान सिराज विधानसभा क्षेत्र यानी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र की थरजुण पंचायत की प्रधान हैं, जिन्हें देश की सबसे छोटी उम्र की प्रधान होने का गौरव प्राप्त है। युवा प्रधान ने पंचायत के लोगों से आग्रह किया है कि वे इस योजना का भविष्य में कड़ाई से पालन करें।