अमर उजाला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। कृषि मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा के दौरे के तुरंत बाद बल्ह में कृषि गतिविधियों का निरीक्षण अतिरिक्त वित्त और कृषि सचिव श्रीकांत बाल्दी ने किया। इस दौरान किसानों की ओर से किए गए कृषि कार्यों का जायजा लिया गया। प्रगतिशील किसानों से वार्तालाप करने के बाद उचित व्यवस्थाएं प्रदान करने पर विचार-विमर्श किया गया। कृषि सचिव के समक्ष किसानों ने टमाटर उत्पादक किसानों को मौसमी फसलों पर फसल बीमा देने तथा किसानों द्वारा उत्पादित धान का विक्रय फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के माध्यम से करवाने का मामला रखा। इसके बाद मंडलीय अभियंता की कार्यशाला का निरीक्षण भी किया तथा मौके पर ही किसान हितों की कार्य योजनाओं बनाने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर अतिरिक्त कृषि निदेशक धर्मशाला डॉ. आरके कौंडल, कृषि उपनिदेशक मंडी रूपलाल चौहान और विषय बाद विशेषज्ञ नेत्र सिंह नायक, कृषि विकास अधिकारी जीतराम, सहायक कृषि विकास अधिकारी मौजूद रहे। गौरतलब है कि बल्ह घाटी में फसलों की बंपर पैदावार के अलावा नगदी फसल जैसे टमाटर, भिंडी, खीरा, करेला, बैंगन और अन्य सब्जियों की पैदावार में हजारों किसान लगे हुए हैं। पिछली बार मौसम की मार ने टमाटर उत्पादक किसानों की कमर तोड़ दी थी जब कृषि मंत्री ने बल्ह का दौरा किया था तो किसानों ने नवनियुक्त विधायक इंद्र सिंह गांधी से किसानों की समस्या कृषि मंत्री के समक्ष रखी थी, जिसके बाद यह दौरा हुआ है।