चैलचौक (मंडी)। ग्राम पंचायत खारशी में खुले शराब के ठेके के विरोध में पंचायत की महिलाओं ने हल्ला बोल दिया है। इस ठेके के विरोध में पंचायत ने एसडीएम गोहर को एक शिकायत पत्र देकर इस ठेके को जल्द से जल्द बंद करने की मांग उठाई है। ग्राम पंचायत खारशी की प्रधान वीना देवी ने बताया कि एक सप्ताह पहले खारशी में शराब का ठेका खोला गया है। जिसके 1 मीटर दूरी पर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र है तथा साथ में आंगनबाड़ी केंद्र भी है। उन्होंने बताया कि राशन का डिपो भी यहीं पर है। जहां लोगों का आना जाना लगा रहता है। जिससे लोगों को ठेका खुलने से भारी दिक्कत पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि 20 मीटर की दूरी पर रावमापा खारशी है। ठेके के खुलने से स्कूली बच्चों में गलत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय महिलाओं और छात्राओं को शराब का ठेका खुलने से भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। पंचायत प्रधान ने एसडीएम से मांग की है कि अगर जल्द ठेके को नहीं हटाया गया तो महिलाएं चक्का जाम करेंगी।