14 कल्याणकारी योजनाओं का मिल रहा सीधा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले के 555 पंजीकृत कामगारों को कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 2.76 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि श्रमिकों और उनके आश्रितों को शिक्षा, विवाह, आवास, स्वास्थ्य सहित 14 क्षेत्रों में आर्थिक सहायता दी जा रही है।बीते 15 अगस्त को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 4,967 निर्माण श्रमिकों के लिए 20.61 करोड़ रुपये आवंटित किए थे, जिसमें मंडी जिले के 417 लाभार्थी शामिल हैं। श्रम कल्याण अधिकारी अनिल ठाकुर के अनुसार, जिले में विवाह सहायता के तहत 294 लाभार्थियों को 1.49 करोड़, शिक्षा सहायता में 158 बच्चों को 52.54 लाख, प्रसूति सुविधा में 36 लाभार्थियों को 12.48 लाख, आवास योजनाओं में 22 लाभार्थियों को 22 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार, चिकित्सा, दिव्यांग और हॉस्टल सुविधा के तहत भी पात्र लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। बोर्ड अध्यक्ष ने पात्र कामगारों से पंजीकरण करवाकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।