मंडी। टाउन हाल मंडी में तीन दिवसीय नार्थ जोन मातुल एवं संदीप मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता का एकल खिताब हिमाचल के सौरव ने पंजाब के लव सिंह को 21-18, 21-11 से हराकर जीता। प्रतियोगिता में हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। महिला एकल में विजेता और उपविजेता हिमाचल की ही खिलाड़ी रहीं। इसमें विजेता दिव्या और उपविजेता साक्षी रहीं। लड़के अंडर-19 में जुव राम विजेता बने जबकि धर्मेंद्र उपविजेता रहे। अंडर-17 में रतन विजेता और पुरंज्य उपविजेता बने। गर्ल्स अंडर 17 में आस्था विजेता रहीं। परीक्षा ने उपविजेता का खिताब हासिल किया। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा ने पुरस्कार वितरित किए। उनके साथ अनिल शर्मा भी विशेष मेहमान रहे। इस मौके पर बैडमिंटन क्लब की ओर से दातुल चौहान, अतुल शर्मा, लखविंदर सिंह, सुरेंद्र, नरेंद्र, राजू, पारस, पीआर राणा, विद्या सागर, जितेंद्र वैद्य और नंद लाल चौहान आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ।