सुंदरनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में कांगड़ा के कुमार साहिल, शिमला की गीता भारद्वाज, मंडी के हरदेव हरि और सुंदरनगर के ऋषभ भारद्वाज सहित स्थानीय कलाकारों ने अपने गीतों व लोकगीतों से खूब समा बांधा। उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला द्वारा प्रायोजित जम्मू एवं कश्मीर और आसाम के सांस्कृतिक दलों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोहा। संध्या का आगाज सूरजमणि की शहनाई वादन के साथ हुआ। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में निदेशक तकनीकी शिक्षा हिमाचल प्रदेश शुभकरण सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि एडीएम मंडी श्रवण मांटा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मेला कमेटी के चेयरमैन एवं एसडीएम डॉ. अमित कुमार शर्मा ने अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। संध्या में कुमार साहिल ने अल्ल वारिया, दिल दियां गल्लां, तेरे बिन नहीं लगदा दिल और लंदन ठुमकदा गीत पेश किया। इंडियन आइडल फेम गीता भारद्वाज ने संदली संदली नैना बीच तेरा नाम वे मुंडेया, रामदासिये बेलुए बुरा आया जमाना, मंडी लागे मेले शिवदासिये और सुकी धारा री गोरु हो पहाड़ी गीत गीत कर समा बांधा। हरदेव हरि ने शिव कैलाशा के वासी, लगी जातरा सुंदरनगर म्हारे और चाननिया राता रा नजारा गीत बड़े ही सुंदर तरीके से प्रस्तुत कर समा बांधा। ऋषभ भारद्वाज ने बदन पे सितारे लपेटे हुए, इश्क तेरा तड़पावे और दिले से गीत प्रस्तुत किया। मंडी की दीपिका मुस्कान ने मेरे रश्के कमर, लंदन ठुमकदा और माहिवे मोहब्बता सच्चियां वे गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा सुंदरनगर के उजाला महिला मंडल, सिमरन गुंजन, साक्षी गुप्ता, इशा ठाकुर, तारा चंद, पूजा, डिंपल शर्मा, रमेश कुमार, कर्म सिंह, ओम म्यूजिकल ग्रुप, मनन सांख्यान बिलासपुर, अनिल सूर्यवंशी और एसी भारद्वाज ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। फीट ऑफ फायर के कलाकारों ने अपने डांस से सबको प्रभावित किया। संध्या में हास्य कलाकार पंकज डोगरा ने भी अपने हसगुल्लों से सबको लोटपोट किया।