पधर (मंडी)। हणोगी के समीप दवाड़ा के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से आईपीएच विभाग का जेई बाल-बाल बचा। पहाड़ी से गिरा पत्थर कार के फ्रंट शीशे को तोड़ता हुआ अंदर घुस गया। इससे जेई जितेंद्र ठाकुर के हाथ और बाजू में चोटें आई। जबकि एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। जानकारी के अनुसार सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग उपमंडल पनारसा में सेवारत कनिष्ठ अभियंता एवं हिमाचल प्रदेश सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग कनिष्ठ अभियंता संघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर बुधवार शाम पौने पांच बजे दवाड़ा के पास चल रहे फोरलेन कार्य के चलते टूटी पेयजल लाइन का जायजा लेने के लिए अपनी कार में जा रहे थे। अचानक पहाड़ी से पत्थर कार के फ्रंट शीशे पर आ गिरा। इससे जितेंद्र ठाकुर के हाथ और बाजू में गहरी चोट आई है। जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि घटना के दौरान उनकी गाड़ी के आगे दो वाहन और थे, जिन्होंने एकदम से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार हाथ की अंगुली में फ्रेक्चर आया है।