डीसी ने किया लीफ प्लेट प्रोजेक्ट का शुभारंभ
उपायुक्त ने रोटरी क्लब की पहल को खूब सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
चैलचौक (मंडी)। नाचन क्षेत्र की बग्गी पंचायत में रोटरी क्लब मंडी के सौजन्य से लीफ प्लेट प्रोजेक्ट का शुभारंभ डीसी ऋगवेद ठाकुर ने किया। रोटरी क्लब मंडी की ओर से घरवासड़ा गांव के ग्रामीणों को पत्तल बनाने वाली मशीन उपलब्ध करवाने के लिए डीसी ने रोटरी क्लब मंडी की इस पहल को खूब सराहा और ग्रामीण बेरोजगार लोगों को स्वरोजगार का इसे एक बेहतर जरिया बताया। डीसी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य कि दृष्टि से पत्ते की प्लेट में शादी समारोह में भोजन करने का मजा तो आता ही है, साथ में यह एक बहुत लाभदायक पत्ता भी है। डीसी ने कहा कि घरवासड़ा गांव में पत्तल तैयार करने वाले लोगों के लिए यह प्रोजेक्ट उनकी आर्थिक स्थिति को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब मंडी ने रावमापा बग्गी में बच्चों को हाथ साफ करने के लिए दो सालों तक साबुन देने का लक्ष्य रखा है, जिससे बच्चों के हाथ भी साफ होंगे और वे बीमारियों से भी बचेंगे। इससे पूर्व सर्वजीत सिंह गवर्नर रोटरी क्लब ने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज का उत्थान करना है। पूर्व प्रधान रोटरी क्लब मंडी सुरेंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि घरवासड़ा गांव के गरीब लोगों की पत्तल विश्व विख्यात हो, यह उनका सपना है। रोटरी क्लब सुंदरनगर प्रधान प्रविंद्र अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब मंडी जल्द मंडी या नेरचौक में प्लास्टिक सर्जरी के नि:शुल्क शिविर का आयोजन करने जा रहा हैं। इसके लिए पूरे भारत से डॉक्टरों की टीम आएगी। इसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी। दो से 18 साल के गरीब बच्चो में किसी को हार्ट समस्या हो तो उपायुक्त मंडी भी रोटरी क्लब को अवगत करवाएं। इस अवसर पर सुरेंद्र मोहन गुप्ता प्रधान, नलीन कपूर प्रधान, प्रविंद्र जीत सिंह जिला गवर्नर, एमएल गुप्ता सचिव, पीएनबी प्रबंधक कप्तान सिंह यादव, प्रधानाचार्य बग्गी इंद्र सिंह चौहान, प्रधान ग्राम अंजू देवी, उप प्रधान देवेंद्र शर्मा, पूर्व प्रधान विकास गुप्ता, मनोज गुप्ता, नेत्र सिंह राणा, वार्ड पंच दया राम समेत कई लोगों ने भाग लिया।