धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल के कलस्वाई गांव की जागृति बल्याणी सेना में लेफ्टिनेंट बनी हैं। लेफ्टिनेंट बनने के बाद जब वह अपने पैतृक गांव पहुंची तो गांववासियों ने उसका जोरदार स्वागत किया। जागृति को धर्मपुर बाजार से घर तक ढोल-नगाड़ों की धुन पर पहुंचाया गया। इससे यह बात सार्थक हो गई कि बेटियां सब कुछ कर सकती हैं। इस दौरान जागृति की दादी दयुली देवी, पिता भूपेंद्र सिंह, माता रीता देवी और अन्य परिजनों सहित समस्त गांववासी काफी प्रसन्न दिखाई दिए। कलस्वाई वार्ड के वार्ड पंच दलीप ठाकुर ने बताया कि गांव में प्राथमिक सुविधाओं की कमी होने के बाद भी इस बेटी ने इस गांव का रोशन किया है। वहीं, जागृति के अभिभावकों ने बताया कि उनकी बेटी की इच्छा बचपन से ही सेना में जाने की थी। वह सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं और लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार घर पहुंची हैं। जागृति ने लड़कियों को संदेश दिया कि अगर कुछ करने की इच्छा हो तो सब कुछ किया जा सकता है।