देव चुंजवाला महादेव का होम 13-14 मई को
बालीचौक (मंडी)। क्षेत्र के देव चुंजवाला महादेव का वार्षिक होम 13 और 14 मई को मनाया जाएगा। इसमें दूर दराज क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालु पहुंचकर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। देवता के कारदार बुद्धे राम ने बताया कि इस होम को हर वर्ष देवता की आज्ञा अनुसार मनाया जाता है। होम में पूरी रात वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाटी का भी आयोजन किया जाता है। इसमें देवलुओं की ओर से देवता से नृत्य भी करवाया जाता है। होम में जो भी श्रद्धालु आस्था के साथ आता है, उसकी हर मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने बताया कि मान्यता है कि देव चुंजवाला महादेव नि: संतानों को पुत्र का वरदान देते हैं और आज तक कई लाभान्वित हो चुके हैं। इस होम में देवता दंपतियों को संतान प्राप्ति का वरदान देते हैं। बाद में मनोकामनाएं पूरी होने पर दूर-दूर से लोग इनके दर्शन के लिए यहां पर पहुंचते हैं। होम में बच्चों का मुंडन भी बहुत शुभ माना जाता है। बड़ा देव विष्णु मतलोड़ा के बाद सराजघाटी में देव चुंजवाला का दूसरा स्थान है।