अमर उजला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के चक्कर चलाहां में 7 और 8 फरवरी को बिजली की अत्यधिक वोल्टेज होने से दर्जनों विद्युत उपकरण जल गए हैं। इससे लोगों को लाखों का नुकसान हुआ है। लोगों के घरों के बिजली उपकरण, जिनमें ट्यूब लाइट्स, एलइडी, लाइट्स फैंस, वाशिंग मशीन, फ्रिज, इंडक्शन चूल्हा, हीटर आदि जल जाने से लोगों में रोष है। ग्रामीण बलवंत भगोरिया के घर में इंडक्शन चूल्हा और बिजली की वायरिंग पूरी तरह से जल गए हैं। नाग राम के घर में फ्रिज, एलईडी जल गई है। अमित शर्मा का फ्रिज, ट्यूब लाइट और बिजली के अन्य उपकरण जल गए हैं। चक्कर के हनुमान मंदिर के पुजारी दिवाकर दत्त शर्मा के भी कई बिजली उपकरण जल गए हैं। भूप सिंह ने बताया कि अत्यधिक वोल्टेज होने से दोनों गांवों में लाखों का नुकसान हुआ है। प्रभावित लोगों ने बिजली बोर्ड से गुहार लगाई है कि जिन लोगों का सामान जलकर राख हो गया है उन्हें विद्युत बोर्ड उचित मुआवजा दे या उन्हें यह सामान उपलब्ध करवाए। इसके बारे में बिजली बोर्ड के एसडीओ डीके गुप्ता ने बताया कि भारी बारिश और तूफान के कारण वोल्टेज बढ़ी होगी, जिससे लोगों को नुकसान हुआ है।