मंडी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने औट टनल के पास आनी निवासी चरस तस्कर को दो किलोग्राम चरस के साथ धरा है। काफी समय से एनसीबी की टीम आरोपी की तलाश में थी। गुप्त सूचना के आधार पर औट टनल से बस से उतरते ही आरोपी को चरस के साथ धरा है। संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज करके एनसीबी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी समय से चरस तस्करी को अंजाम दे रहा था। लेकिन आखिरकार टीम ने उसे धर दबोचा। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मंडी टीम के प्रभारी आशीष ओझा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि एनसीबी की टीम ने औट टनल के पास चरस तस्कर को पकड़ा था। वह बस में बैठक कुल्लू की तरफ जा रहा था। टीम को इसकी सूचना थी, लिहाजा बस का पीछा किया जा रहा था। अचानक औट टनल के पास तस्कर उतरा। इसी दौरान पीछा कर रही टीम ने उसे धर दबोचा। टीम में उनके साथ एनसीबी में इंस्पेक्टर एसी प्रजापति भी थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। काफी समय से तस्कर सक्रिय था, जिसके इनपुट एनसीबी को मिल रहे थे। जिसके आधार पर दबिश देते हुए सफलता हाथ लगी है। आरोपी की पहचान मुरारी लाल निवासी चंदातरोन आनी उम्र 45 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की जा रही है।