कोटली (मंडी)। किसान भवन कोटली में आयोजित दस दिवसीय रामलीला उत्सव रावण वध के साथ समाप्त हो गया। इस अवसर पर मंडी शहर के मशहूर सराफ रत्न सिंह और सोच संस्था के अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। रामलीला कमेटी ने उनका स्वागत किया। मुख्यातिथि ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने अपनी तरफ से रामलीला आयोजकों को 21 हजार रुपये की राशि बतौर सहयोग भेंट की। रामलीला कमेटी के वरिष्ठ उपप्रधान प्रशांत मोहन ने बताया कि दसवीं एवं अंतिम रामलीला संध्या में राम-रावण के बीच भयंकर युद्ध चला। इसमें राम की वानर सेना रावण की सेना पर भारी पड़ी। अंत में राम ने रावण का वध कर दिया। इस तरह बुराई पर अच्छाई की जीत हुई। राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के अयोध्या पहुंचने पर वहां राम राजतिलक के दृश्य के साथ ही दस दिवसीय रामलीला उत्सव का विधिवत रूप से समापन किया गया। इस अवसर पर सोच संस्था के महासचिव आकाशदीप, कार्यकारिणी सदस्य राजपाल सिंह सहित रामलीला कमेटी के निर्देशक रूप सिंह, मुख्य सलाहकार रामजी दास, अश्वनी, सचिव जीत सिह, मंच सचिव ठाकुर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कलाकार मौजूद थे।
000