थुनाग(मंडी)। पहली बार गृहक्षेत्र सराज के लोगों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री जयराम ने समस्याओं को साझा किया। वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीएम के समक्ष 50 से अधिक मुद्दे गूंजे। सीएम जयराम को उनके गृहक्षेत्र की समस्याओं से जनता ने रूबरू करवाया। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और यातायात की समस्याओं से सीएम को अवगत किया। बगस्याड़ से पंचायत समिति सदस्य चमन लाल ने सिविल अस्पताल में स्टाफ, नर्स, लैब तकनीशियन, रेडियोग्राफर की कमी का मुद्दा उठाया, जिसे जल्द पूरा करने का सीएम ने आश्वासन दिया। पखरैर पंचायत से प्रधान दीना नाथ ने करसवाली स्कूल में स्टाफ की कमी बताई, जिसे जल्द भरने का भरोसा दिया। थुनाग की बीडीसी सदस्य खीम दासी ने पीएचसी में मेडिकल स्टाफ की कमी बताई। थुनाग के खमरार गांव के रास्ते में रेलिंग की मांग उठी। जबकि बागाचनोगी के प्रधान परम देव ने देवल गांव की सड़क निर्माण का मुद्दा प्रमुखता के साथ उठाया। देवल खड्ड के पुल का भी प्रारूप तैयार करने की मांग की गई। इसके अलावा धवास गांव में पानी व बिजली की समस्या सीएम के समक्ष रखी। इस समस्या को लेकर जिलाधीश मंडी से सीएम ने बात की और साढ़े सात लाख की योजना के प्रस्ताव को सिरे चढ़ाने के आदेश हुए। कलहणी के डगैल गांव में सराय के निर्माण, जंजैहली में रासायनिक खाद के डिपो की मांग भी उठाई गई। इसके साथ रियाडा खड्ड के पुल के निर्माण को दो लाख एडिशनल्टी की मांग पर आश्वासन मिला। छतरी के जनेहड गांव की सड़क का प्रारूप बनाने का आदेश दिया गया। सुराह सड़क की मेंटेनेंस की मांग उठी। रावमापा भराड़ी में अध्यापकों की कमी, धरवारथाच में बैंक की कमी को उठाया गया। जिस बारे बैंक द्वारा सर्वे कराने का आश्वासन मिला। थुनाग जैशला सड़क के निर्माण के लिए और धनराशि देने की मांग उठी। चियूणी की रावमापा में स्टाफ की कमी के साथ साथ साइंस लैब खोलने की मांग उठी, जिसे पूरा करने का आश्वासन मिला। इस मौके लगभग दो सौ से ज्यादा विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों व लोगों ने भाग लिया।