सुंदरनगर (मंडी)। धनोटू- बग्गी मार्ग पर बैहली के निकट शुक्रवार शाम नहर में गिरे व्यक्ति का शनिवार को भी कोई पता नहीं चल पाया है। युवक की तलाश के लिए प्रशासन की ओर से परिजनों की मांग पर यहां के निजी गोताखोरों को भी बुलाया गया। जिन्होंने शनिवार सुबह से लेकर दोपहर तक कई बार नहर में गोता लगाया। लेकिन, उन्हें न तो शव मिला और न ही कोई निशान। संभावना जताई जा रही है कि शव पानी के तेज बहाव के साथ बीएसएल जलाशय की ओर बह गया है। जहां से कई दिनों के बाद ही शव बाहर निकलता है। शुक्रवार शाम को एक नहर किनारे बैठा व्यक्ति अनियंत्रित होकर उसमें गिर गया। उसके नहर में गिरने पर जब वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे नहर से बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन जब तक वह इसमें कामयाब होते वह नहर में डूब गया। पुलिस के अनुसार नहर में गिरे व्यक्ति की पहचान मान सिंह (45) के रूप में हुई है। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि नहर में गिरे व्यक्ति की तलाश को अभियान आगे भी जारी रहेगा।