धर्मपुर (मंडी)। सिद्धपुर पंचायत में छोटे भाई की मौत के सदमे से बड़े भाई की मौत हो गई है। दोनों भाइयों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार सिद्धपुर पंचायत के त्योग गांव में हरी सिंह (80) की कुछ दिन पहले पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई थी। उसका शव जैसे ही घर लाया गया तो उसे देख बड़े भाई परस राम (83) को गहरा धक्का लग गया। इस सदमे से उसने रविवार सुबह 4 बजे दम तोड़ दिया। परस राम को सिद्धपुर में व्यास के किनारे सैकड़ों लोगों ने अश्रुपूर्ण विदाई दी। इस घटना पर धर्मपुर के विधायक एवं आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता चंद्रशेखर, जिला परिषद कश्मीर सिंह, ग्राम पंचायत प्रधान सरिता देवी एवं पूर्व प्रधान गंगा राम ठाकुर ने गहरा शोक जताया है।