मंडी। जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में शहर में मुद्रिका बस सेवा के बजाय सेवन सीटर इलेक्ट्रिकल टैक्सी सेवा चलाने पर सहमति बनी है। बैठक में तर्क दिया गया कि निगम की बसें लंबी हैं। इन्हें शहर में मोड़ने में दिक्कत आएगी। लिहाजा पथ परिवहन निगम ने मुद्रिका के बजाय इलेक्ट्रिकल टैक्सी सेवा का सुझाव दिया। बैठक में अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन चंपा ठाकुर ने कहा कि शहर में जल्द ही यह सेवा शुरू की जाएगी ताकि लोगों को शहर के बीच आवाजाही के लिए जेब ढीली न करनी पड़े। बैठक में पहली सितंबर से 31 दिसंबर 2017 के दौरान खर्च की गई राशि का अनुमोदन किया गया तथा डीआरडीए के तहत एक करोड़ 43 लाख 98 हजार के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष भ्यूली में आयोजित की गई। इसमें विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें से अधिकांश का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। ज्यादातर मामले पेयजल, सिंचाई, सड़क, विद्युत, पथ परिवहन निगम, वन विभाग से संबंधित रहे। बैठक में बेरोजगार युवाओं को लघु उद्योग स्थापित करने के बारे में जानकारी प्रदान की गई। बैठक में समस्त जिला परिषद सदस्य, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश समरा, परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप कुमार, सभी विकास खंड अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।