गोहर (मंडी)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दामोदर चौहान को नाचन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया है। हाल ही में नाचन कांग्रेस में मचे घमासान के बाद नाचन कांग्रेस अध्यक्ष टेक सिंह राघव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विस चुनावों के दृष्टिगत दामोदर चौहान को नाचन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नाचन कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पद पर दामोदर चौहान की नियुक्ति की पुष्टि की है। दामोदर चौहान ने नाचन से एक बार हिविकां और दो बार आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा है। हाल ही में दामोदर चौहान नाचन कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह कौशल का टिकट काटने के लिए कांग्रेस हाईकमान दिल्ली में डेरा जमाए बैठे थे। मगर कांग्रेस हाईकमान ने कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह कौशल का टिकट यथावत रखा और दामोदर चौहान और उनके समर्थकों को निराशा का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने दामोदर चौहान को शिमला बुलाया और उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में काम करने को कहा। शिमला से लौटते ही प्रदेश कांग्रेस ने नाचन कांग्रेस को एक तोहफे के रूप में दामोदर चौहान को अध्यक्ष बनाकर भेजा। नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष ने कहा है कि वे कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के लिए दिन रात मेहनत करेंगे।