सरकाघाट (मंडी)। माकपा नेता मुनीश शर्मा ने समर्थकों के साथ सोमवार को एसडीएम एवं
सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुरेश जस्वाल को नामांकन पत्र सौंपा। लाल झंडों के साथ रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन करते हुए वह एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नामांकन भरा। इसके बाद उन्होंने समर्थकों को संबोधित करते हुए कांग्रेस और भाजपा पर तीखेे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है और केवल सरकारी खजाने को लूटने में लगी रही। ग्रामीण इलाकों की सड़कों की हालत खराब है, जहां न केवल वाहन चालक ही मौत के साये में सफर करते हैं, अपितु लोगों का पैदल चलना भी कठिन हो गया है। लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है और सरकारी पेयजल योजनाओं को निजी क्षेत्र में देकर ठेकेदारों और नेताओं की तिजोरियों को भरा गया है। स्कूलों और अस्पतालों में लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। किसानों और मजदूरों की हालत दयनीय है। खेतों को लावारिस पशुओं और जंगली जानवरों ने नष्ट कर दिया है। हर क्षेत्र में निजीकरण कर दिया गया है। केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों को सड़कों पर लाकर खड़ा कर दिया है। जनसभा को माकपा नेता सुरेश शर्मा, सुरेश राठौर और धर्मपुर से माकपा प्रत्याशी एवं सीटू के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।