टिहरा (मंडी)। श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में हृदय रोगियों के लिए अब आपातकाल और ओपीडी के माध्यम से सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश भवानी ने बताया कि संस्थान में कार्डियोलॉजी से संबंधित तीन विशेषज्ञों की सेवाएं निर्धारित की गई हैं। इससे अब मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा। डॉ. सोनी कुमार सहायक प्रोफेसर आपातकाल कार्डियोलॉजी विभाग संभालेंगे, जो दो से चार बजे तक मंगलवार और शुक्रवार को कार्डियोलॉजी ओपीडी रूम नंबर 37 में सेवाएं देंगे। डॉ. राजन ओपीडी में सोमवार और बुधवार को अपनी सेवाएं देंगे। डॉ. सविता महाजन मेडिकल ऑफिसर के तौर पर आपातकाल कार्डियोलॉजी में सेवाएं देंगी। वीरवार और शनिवार को दो से चार बजे तक ओपीडी में सेवारत रहेंगी। डॉ.भवानी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज नेरचौक हिमाचल प्रदेश के मध्य में होने के कारण लगभग सभी जिलों की पहुंच में है। अस्पताल में रोगियों की निशुल्क एवं सस्ते दामों पर जांच की जाती है। लीवर रोगियों के लिए फाइब्रो स्कैन का निशुल्क शिविर हर माह रूम नंबर 51 में लगाया जाता है। इस माह का फाइब्रो स्कैन शिविर 22 मई को लगाया जाएगा। इसी कड़ी में सेन फाउंडेशन की ओर से मल्टी स्पेशयलिटी कैंप 12 मई को सिविल अस्पताल धर्मपुर में लगाया जाएगा। इसमें कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. सोनी विशेष रूप से उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे निशुल्क कैंप का लाभ उठाएं।