जोगिंद्रनगर (मंडी)। प्रदेश पुलिस के एडीजीपी एवं मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय कुंडू ने शुक्रवार को जोगिंद्रनगर हलके में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा उन्हें समय पर पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने सबसे पहले अपनी टीम के साथ जोगिंद्रनगर महाविद्यालय में 5.73 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। इसके बाद उद्घाटन की बाट जोह रही 1600 करोड़ रुपये की लागत को पार कर चुकी 100 मेगावाट की उहल चरण तीन पन बिजली परियोजना के रेजर वायर का निरीक्षण किया और अब तक की स्थिति से अवगत हुए। 432 करोड़ की लागत से 2008 में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट 2018 में भी पूरा नहीं हो पाया है। चूल्हा परियोजना में सामने आ रहीं खामियों के चलते इसका उद्घाटन मई में प्रस्तावित था, लेकिन वह अब तक भी नहीं हो पाया है। उन्होंने इस परियोजना की पूरी फीड बैक ली जिसे वह सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने मझारनू में जाकर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को भी देखा। आईपीएच विभाग के अधिकारियों को उचित दिशा-दिर्नेश जारी किए। संजय कुंडू ने कहा कि उन्होंने तीन जगहों पर कार्यों का निरीक्षण किया है तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि वह निरीक्षण की अपनी विस्तारपूर्वक रिपोर्ट सीएम को सौंपेंगे।
000