जंजैहली(मंडी)। सराज क्षेत्र के जंजैहली में सालों से चली आ रही मांग आखिर पूरी हो गई है। सोमवार को जंजैहली में भारत गैस एजेंसी का वितरण डिपो खुल गया। इसका शुभारंभ एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने किया। एसडीएम ने भारत गैस का पहला सिलेंडर धनी राम को वितरित किया। इससे लोगों को बड़ी राहत मिल गई है। जंजैहली क्षेत्र के लोगों को इससे पहले नेरचौक से गैस आपूर्ति की जाती थी, जिस की वजह से लोगों को सही समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पाती थी। इंदिरा भारत गैस वितरण केंद्र शुरू हो गया है। एजेंसी के वितरक गगन वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में गैस वितरण प्रणाली को बेहतर बनाएंगे तथा लोगों को उन के घर द्वार पर गैस उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने जंजैहली के उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अपने पिछले गैस कनेक्शनों को जल्द से जल्द भारत गैस में परिवर्तित करवाएं, ताकि भारत गैस की निर्बाध सेवाएं मिल सकें। इस अवसर पर प्रधान बुंग रैलचौक नारायण सिंह, प्रधान जंजैहली अहिल्या, उप प्रधान नवीन कौंडल, प्रधान धार जरोल कला देवी, प्रधान तुंगधार यंजना शर्मा, उप प्रधान कुंदन लाल ठाकुर, कमल राणा, ललित शर्मा, रोशन ठाकुर, गुलजारी लाल सहित क्षेत्र के कई जाने-माने व्यक्ति एवं गैस उपभोक्ता उपस्थित रहे।