सरकाघाट (मंडी)। सधोट पंचायत के धनराशी गांव में एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में इसमें सवार 4 लोग घायल हो गए। जिन्हें 108 में सरकाघाट अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया। जानकारी के अनुसार भढ़ीयार गांव के जाल मोहम्मद, चिंती देवी अपने पुत्र और बहू नवाब खान, रूमा के साथ टांडा मेडिकल कॉलेज से कार में वापस अपने घर आ रहे थे कि धनराशी के पास सड़क पर एक लावारिस पशु आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क से गिरकर मकान पर अटक गई। हादसे में चारों घायल हो गए और उन्हें चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने उन्हें खाई से निकालकर सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया, जहां पर जाल मोहम्मद और चिंती देवी दाखिल कर लिए गए हैं जबकि, रूमा, नवाब खान को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने हादसे की पुष्टि की है।