पहले राउंड से ही महेंद्र सिंह की जीत के लगे नारे
अंतिम राउंड खत्म होने से पहले घर गए चंद्रशेखर
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर को 11 हजार मतों से किया पराजित
समर्थकों ने लगाए मुख्यमंत्री बनाने के नारे
सुशील शर्मा
धर्मपुर (मंडी)।
पहले राउंड के बाद ही भाजपा के विधायक ठाकुर महेंद्र सिंह के समर्थकों ने जीत के नारे शुरू कर दिए। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी चंद्रशेखर अंतिम राउंड खत्म होने से पहले घर चले गए। वहीं, इस जीत से महेंद्र सिंह ने अपने नाम लगातार सातवीं जीत का रिकार्ड बना लिया है। इससे पहले उन्होंने सभी चुनावों में 11000 मतों से जीत हासिल की है। इस बार उन्होंने भाजपा के निशान पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस की प्रत्याशी को एक हजार मतों से हराया है। ऐसा कोई भी राउंड नहीं रहा, जिसमें महेंद्र सिंह को लीड नहीं मिली हो। सभी राउंड में भाजपा प्रत्याशी हर जगह अपनी बढ़त बनाए रहे और अंतिम दौर खत्म होने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर मतगणना केंद्र छोड़कर अपने घर के लिए निकल गए। जीतने के बाद उन्होंने अपने समर्थकों के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उनके क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए ठाकुर महेंद्र सिंह ने कहा कि इस जीत के लिए वह धर्मपुर की जनता का धन्यवाद करते हैं। वह इस क्षेत्र के विकास के लिए हर तरह से प्रयास करेंगे। धर्मपुर की जनता का कभी कर्ज नहीं उतार सकते हैं। बाद में उन्होंने स्वयं भी कार्यकर्ताओं के साथ बाजार में रैली निकालकर विजय का जश्न मनाया। इस दौरान उनके समर्थकों ने महेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री बनाने के नारे भी लगाए। धर्मपुर से भाजपा प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत के बाद धर्मपुर बाजार भगवा रंग में रंग गया और कार्यकर्ताओं ने महेंद्र सिंह को पलकों पर बैठा दिया। सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता खेल मैदान धर्मपुर में इकट्ठे हो गए थे और महेंद्र सिंह जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। वह जीतने के बाद सीधे अपनी कुलजा देवी जालपा माता मंदिर सक्रेणधार पहुंचे जहां उन्होंने दोबारा इस जीत के लिए उनका धन्यवाद किया और आशीर्वाद लेकर सीधे अपने घर की ओर निकल गए, जहां धाम का आयोजन किया गया था। सभी कार्यकर्ताओं ने धाम का स्वाद चखा और उन्हें जीत की बधाई दी। महेंद्र सिंह ने विधायक बनने के बाद अपनी प्राथमिकताओं में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार लाने की बात कही है।