पधर(मंडी)। क्षेत्र का बुराड़ी मेला 25 अप्रैल को शुरू होगा। इसका शुभारंभ कारगिल हीरो ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर करेंगे। मेला कमेटी एवं युवा एकता मंडल अध्यक्ष शुभम शर्मा ने बताया कि वीरवार दोपहर 1 बजे 12 देवी-देवता आराध्य देव अजयपाल जी की अध्यक्षता में जलेब के रूप में मेले में शिरकत करेंगे। 2 दिवसीय बुराड़ी मेले में महिला मंडलों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्कूली बच्चों की क्रीड़ाएं व कबड्डी, वॉलीबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इस बार का मुख्य आकर्षण संध्याकालीन कार्यक्रम होंगे जो शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होंगे। इसमें विंटर कार्निवाल विनर सुव्रत व रनर अप सर्वग्या शर्मा धमाल मचाएंगे। वहीं, सोलन की मशहूर कलाकार इंदू बाला, सुंदरनगर से रोहित मेहन व लोकल कलाकारों में मशहूर मंडयाल मुकुल शर्मा, नितिन शर्मा व लोक गायक जॉनी रावत आदि होंगे। मेले का समापन जिला परिषद सदस्य पमिता शर्मा करेंगे। पहली संध्या पर शहीद मनोज कुमार का परिवार व दूसरी संध्या पर समाजसेवक पवन भारती उपस्थित होंगे।