बलद्वाड़ा (मंडी)। ग्राम पंचायत कोट के उखला, बारस के किसानों ने जायका के तहत वैज्ञानिक तरीके से गेहूं की बिजाई की। इन गांवों में पहली बार सीड ड्रिल से गेहूं की बिजाई की जा रही है। खंड विकास परियोजना प्रबंधक जायका सरकाघाट बनवीर सिंह ने बताया कि उखला, बारस के किसान पहले परंपरागत तरीके से खेती करते थे अब उनसे वैज्ञानिक तरीके से बिजाई करवाई जा रही है। सीड ड्रिल से 19 हेक्टेयर भूमि में गेहूं की बिजाई की जा रही है। इससे सही मात्रा में बीज और खाद पड़ेगी। एक हेक्टेयर में जहां किसान 15 किलो गेहूं का बीज डालता था, अब इससे 8 किलो बीज पड़ेगा। सही मात्रा में खाद तथा बीज की वजह से फसल की उपज में इजाफा होगा। इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और उनकी आर्थिकी मजबूत होगी। उखला, बारस किसान कमेटी के प्रधान अमर नाथ, रघुनाथ, बृजलाल सहित अन्य किसानों ने इस बिजाई को बेहतर बताया है।