सुंदरनगर(मंडी)। उपमंडल के डैहर में डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में बुधवार को हुए 52 लोगों के रक्त नमूने की जांच में 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, स्क्रब टायफस के भी चार मामले सामने आए हैं। डैहर क्षेत्र में अब डेंगू पीड़ितों की संख्या 349 हो गई है। हालांकि इसमें से अधिकतर लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो गए हैं। बुधवार को भी सीएचसी डैहर में आसपास की पंचायतों के कुल 35 डेंगू संदिग्धों के सैंपल भरकर मंडी अस्पताल स्थित लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की जागरूकता टीमों द्वारा डैहर व आसपास 345 घरों में जाकर डेंगू लारवा की जांच की गई व लोगों को बीमारी से बचाव, सुरक्षा व सावधानियां बरतने बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि 52 सैंपलों में से 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और स्क्रब टायफस के चार नए मामलों की पुष्टि हुई है।