मंडी (मंडी)। हिमाचल के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गदगद हैं। यह जानकारी मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हिमाचल के सांसद शांता कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में सभी सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीे से मिले तथा उन्हें हिमाचल की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल में भाजपा संगठन ने जो विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया है उसके लिए जहां हिमाचल के चारों सांसद बधाई के पात्र है वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों को आश्वासन दिया कि हिमाचल के विकास में कोई भी कमी नहीं आनी दी जाएगी तथा सांसदों को यह भी कहा कि वह अधिक से अधिक समय अपने संसदीय क्षेत्रों में बिताएं और जो भी जनसमस्या हो या किसी बड़ी परियोजना के निर्माण की बात हो तो वह प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार के ध्यान में अवश्य लाएं। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने प्रधानमंत्री को बताया कि छोटी काशी मंडी में भाजपा ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है तथा संसदीय क्षेत्र में 17 में से 14 सीटें भाजपा की झोली में डाली हैं। इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया। प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि छोटी काशी की जनता उन्हें सिर आंखों में बैठाती है और उनका हार्दिक अभिनंदन करती है। सांसदों में केेंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, शांता कुमार, अनुराग ठाकुर, विरेंद्र कश्यप शामिल थे।