फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेहमान परिंदों की अठखेलियों से गुलजार हुआ बीएसएल जलाशय

विज्ञापन
विज्ञापन
सुंदरनगर (मंडी)। सर्दियों के मौसम में जहां बाहरी राज्यों के पर्यटक प्रदेश के सुहावने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं, वहीं विदेशी परिंदे भी इस मौसम में प्रदेश की विभिन्न झीलों में विचरण करते यहां की रौनक बढ़ाते हैं। सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में भी प्रतिवर्ष सर्दियों के मौसम में विदेशी परिंदे डेरा डालते हैं। सर्दियां समाप्त होते ही ये परिंदें अपने मूल निवास के लिए प्रस्थान कर जाते हैं। इन दिनों सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय के अलावा विदेशी परिंदे रिवालसर झील, सरकीधार स्थित कुंतयो झील तथा नेरचौक के नलसर स्थित झील में भी अठखेलियां करते हुए देखे जा सकते हैं। जहां इन परिंदों की खूबसूरती झीलों की सुंदरता को चार चांद लगा देती है, वहीं स्थानीय निवासी भी प्रतिवर्ष परिंदों का बेसब्री से इंतजार करते हैं। हर साल आने वाले इन परिंदों से अभी तक किसी प्रकार की बीमारी फैलने का कोई मामला भी प्रकाश में नहीं आया है। ऐसे में लोग इनके आवागमन को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त भी होते हैं। भारी संख्या में पहुंचने वाले इन परिंदों को स्थानीय लोग सर्दियों का मेहमान पुकारते हैं। कुछ लोग इन परिंदों का शिकार करने से भी परहेज नहीं करते हैं परंतु परिंदों के आते ही वन महकमा पूरी सक्रियता से इनकी सुरक्षा को लेेकर तत्पर रहता है। सर्दियों के मौसम में आने वाले इन प्रवासी परिंदों की संख्या हजारों में होती है। हजारों किलोमीटर दूर से उड़ान भरने वाले इन पक्षियों को जिला मंडी की झीलें सुहावनी लगती हैं। यही कारण है कि जिला की हर झील में आजकल इन पक्षियों को अठखेलियां करते हुए देखा जा सकता है। माना जाता है कि सुंदरनगर बीएसएल जलाशय में पहुंचने वाले अपेक्षाकृत छोटे आकार वाले पक्षी तिब्बत क्षेत्र से संबंध रखते हैं। जबकि नलसर, रिवालसर और कुंतयो में आने वाले विदेशी परिंदे साइबेरिया के ठंडे इलाकों से आते हैं। इनके आने का सिलसिला अक्तूबर के अंत में शुरू हो जाता है। जलाशय की खूबसूरती को चार चांद लगाकर ये परिंदें मार्च-अप्रैल महीने में अपने स्थायी ठिकानों की ओर चले जाते हैं। इन दिनों इन प्रवासी परिंदों से बीएसएल जलाशय गुलजार है। वहीं बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह विशेष आकर्षण का केंद्र रहते हैं। डीएफओ सुंदरनगर सुमीत भारद्वाज ने बताया कि वन महकमा इन मेहमानों की सुरक्षा के लेकर सर्द मौसम में पूरी तरह से चौकन्ना रहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें