अमर उजाला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। नगर परिषद नेरचौक के वार्ड नंबर 11 स्योहल में पिछले एक माह से पानी नहीं आने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि वार्ड के लोग तीन किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हो गए हैं। पानी का प्रबंध करने में ही लोगों का पूरा समय बरबाद हो रहा है। वार्ड के लोगों के अनुसार स्थानीय विधायक और आईपीएच विभाग को इस समस्या के बारे में कई बार अवगत करवाया गया। बावजूद इसके विभाग की ओर से आज तक इस समस्या का समाधान नहीं किया गया। वार्ड के सुरेश कुमार, सचिन चौधरी, साहिल चौधरी, विनोद कुमार, बृज लाल, शुभम, सौरभ, अनिल, मनोज, राज कुमार सहित अन्य लोगों को कहना है कि करीब एक माह से नलों से पानी नहीं आ रहा है और पानी के लिए तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तो गर्मी शुरू हुई है और अभी से ही पानी की इतनी किल्लत हो गई है। उन्होंने विभाग को चेताया है कि अगर हमारी समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया तो हम कार्यालय का घेराव करेंगे।
जल्द होगा समस्या का समाधान : एक्सईएन
बग्गी डिवीजन के अधिशासी अभियंता छबील चंद का कहना है कि पानी की समस्या की शिकायत मिली है और जल्द वार्ड के लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।