चैत्र नवरात्र के लिए सजी छोटी काशी
आज से प्रमुख मंदिरों में होगी विशेष पूजा-अर्चना
सनातन धर्म सभा में चलेगी राम कथा
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। छह अप्रैल से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रों को लेकर छोटी काशी सज गई है। इसको लेकर बाजारों में चहल-कदमी भी शुरू हो गई है। नवरात्र के चलते जिलाभर के मंदिरों में विशेष पूजा के साथ देवी भागवत कथा और रामकथा का आयोजन होगा। इसके अलावा प्रमुख मंदिरों में नवरात्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। छोटी काशी के टारना माता, भीमाकाली, सिद्धकाली, शीतला माता, चामुंडा माता, कोयला माता, बगलामुखी सहित रिवालसर के नैना देवी मंदिर, सरकाघाट के नबाही माता मंदिर और लडभड़ोल के सिमस मंदिर नवरात्रों के लिए पूरी तरह सज गए हैं। चैत्र नवरात्र के चलते महामाया मंदिर लडभड़ोल में हर रोज देवी पाठ का आयोजन होगा, तो वहीं कंचना माता मंदिर में प्रथम नवरात्र को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा दुर्गा माता मंदिर पधर में देवी भागवत कथा शुरू होगी। इसके अलावा सनातन धर्म विद्या मंदिर मंडी में 6 से 13 अप्रैल तक रामनवमी महोत्सव मनाया जाएगा। रामकथा का रसपान पंडित राजेंद्र प्रसाद करवाएंगे, जो हर रोज 4 से लेकर 6 बजे तक चलेगा। सभा के प्रेस सचिव बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि इस दौरान सुबह 6 से 9 बजे तक मंदिर में रामचरितमानस का पाठ भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैैल को दोपहर 12 बजे से राम जन्मोत्सव को लेकर बधाई गीत और आरती के बाद प्रसाद वितरण होगा। इससे पहले साढ़े 12 बजे धर्म सभा से हनुमानघाट तक शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें सनातन धर्म विद्या मंदिर के बच्चे मनमोहक झांकियां निकालेंगे। सभा के प्रधान ओम चंद कपूर ने नगरवासियों से इस धार्मिक कार्य में समय पर पहुंचकर पुण्य का भागी बनने का आग्रह किया है।