मंडी। एक महीने के बाद बाबा भूतनाथ के शिवलिंग से डेढ़ क्विंटल मक्खन निकालने के बाद जलाभिषेक किया गया। तारारात्रि यानी रविवार रात 12 बजे से सोमवार सुबह तक पूरे विधि विधान के साथ शिवलिंग पर एक माह तक चढ़े करीब डेढ़ क्विंटल मक्खन को उतारा गया। मक्खन निकालते ही भगवान के स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया। मक्खन उतारने के पश्चात बाबा भूतनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए। दिनभर हजारों ने बाबा को दूध, दही, फल, फूल, बिल्वपत्र आदि चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। पूरा दिन मंदिर में धार्मिक कार्य होते रहे। श्रद्धालुओं के लिए फलाहार का भंडारा लगाया गया। सोमवार के दिन चार पहर की आरती में शहरवासियों ने शिरकत की और भूखे रहकर बाबा को प्रसन्न किया। मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि इस दौरान मंदिर में 4 से 11 मार्च तक भक्तों के लिए भंडारा लगाया जाएगा।