सुंदरनगर (मंडी)। भारी बारिश के चलते सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर फिसलने के कारण एक स्कॉर्पियो गाड़ी गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे में झुंगी पंचायत के पूर्व प्रधान की मौत हो गई, जबकि दो व्यक्ति घायल हुए हैं। ये दोनों मृतक का बेटा और जीजा है। इसमें बेटे की नाजुक हालत के चलते उसे पीजीआई के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद कटेरु के निकट स्कॉर्पियो (एचपी31डी-1800) सड़क से करीब 800 मीटर नीचे खाई में लुढ़क गई। हादसे में झुंगी पंचायत के पूर्व प्रधान कुलदीप कुमार (45) की मौके पर मौत हो गई। बेटा चेतन (22) और जीजा बालक राम (44) पुत्र बंगाली राम निवासी बनायक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल से घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल सुंदरनगर लाया गया। चेतन को चिकित्सकों ने चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया है। हादसे की सूचना मिलने पर बीएसएल पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। मौसम खराब होने कारण पुलिस टीम को राहत कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद शव को सड़क तक पहुंचाया गया। बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाना के प्रभारी कमलकांत ने बताया कि वाहन सुंदरनगर से झुंगी की तरफ जा रहा था। घीड़ी से तीन किलोमीटर पीछे कोलपुरधार के पास यह हादसा हुआ है। वीरवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
000