बलद्वाड़ा (मंडी)। राजस्व विभाग ने शुक्रवार को भांबला में अवैध रूप से बनाई गई एक दुकान को गिरा दिया। जानकारी के अनुसार भांबला हनुमान मंदिर से थोड़ी दूर बाबा रमेश गिरी ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके दुकान का निर्माण किया था। इस कब्जे को हटाने के लिए उन्हें विभाग ने कई बार आग्रह किया लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इस पर नायब तहसीलदार बलद्वाड़ा की अगुवाई में राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाई गई दुकान को गिरा दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस, बिजली बोर्ड और आईपीएच के अधिकारी भी शामिल रहे। इसकी पुष्टि नायब तहसीलदार बलद्वाड़ा कृष्ण शर्मा ने की है।