उरला के पास कार-बस की टक्कर, लगा जाम
होई हताहत नहीं, दोनों पक्षों में समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
पद्धर(मंडी)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर उरला के समीप एचआरटीसी की बस और कार में टक्कर होने से एनएच काफी देर के लिए बाधित रहा। इससे सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बाद में पुलिस के पहुंचने उपरांत मार्ग को बहाल किया गया। इस दौरान दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। लिहाजा किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पठानकोट से मनाली जा रही निगम की बस की विपरीत दिशा से आ रही ऑल्टो कार से भिड़ंत हो गई। उरला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग का तंग प्वाइंट होने पर हादसा हुआ। हादसे में कार सड़क से नीचे लुढ़कने से बची। इससे कार चालक वीरेंद्र सिंह पुत्र वीर सिंह निवासी ढ़रागण गलू को हल्की चोटें आई। जिसका आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र उरला में उपचार करवाया गया। हादसे के बाद करीब एक किलोमीटर के दायरे में जाम लग गया। पुलिस के हस्तक्षेप उपरांत दोनों पार्टियों के बीच आपसी समझौता हो गया।