सुंदरनगर/मंडी। सामान्य वर्ग संयुक्त मंच के तत्वावधान में एससी-एसटी एक्ट पर सरकार की ओर से बिल पास करने तथा जातिगत आरक्षण को समाप्त करवाने के लिए सुंदरनगर बंद रखा गया। इस दौरान बाजार पूर्ण रूप से बंद रहा। सामान्य वर्ग के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर जवाहर पार्क में विरोध रैली। यह रैली भोजपुर बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय तक निकली। इसके उपरांत एसडीएम सुंदरनगर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे। विरोध प्रदर्शन और रैली के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार के एससी-एसटी एक्ट पर बिल को वापस करवाने तथा आरक्षण को समाप्त करने की गुहार लगाई। सामान्य वर्ग ने चेताया कि वे आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने या नोटा का प्रयोग करने पर विवश होंगे। प्रदर्शन के दौरान केएस जंवाल, हेम सिंह ठाकुर, भीम सिंह सेन, शिव सिंह सेन, सुरेंद्र पाल सिंह, दर्शन सिंह कालिया, गंगाराम, सुशीला सेन, उमेश गौतम आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।