सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर की डैहर उप तहसील में डेंगू थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना यहां पर मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तो यहां पर डेंगू पीड़ितों की संख्या 300 के करीब पहुंच गई है। क्षेत्रीय अस्पताल में शनिवार को भेजे गए डेंगू के 51 रक्त नमूनों की जांच में 13 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 11 डैहर क्षेत्र के और 2 लोग मंडी शहर के साथ लगते क्षेत्रों के हैं। वहीं, डैहर से सोमवार को 31 रक्त के नमूने लेकर मंडी भेज दिए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट मंगलवार को आएगी। डेंगू के बढ़ते प्रकोप के मध्य स्वास्थ्य विभाग का जागरूकता अभियान क्षेत्र में लगातार जारी है। सोमवार को स्वास्थय विभाग की टीमों ने 427 घरों का दौरा कर वहां पर 490 भंडारण टैंकों की जांच की है। इसमें डैहर में 124 घरों की जांच में 4 स्थानों पर मच्छरों का लारवा पाया गया। जांबला में 96 घरों की जांच की गई और देहवी में 42 घरों की जांच में 2 स्थानों पर, सलापड़ में 114 घरों की जांच में 4 और सोहर में 51 घरों की जांच पर 5 स्थानों पर लारवा पाया गया है। इसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नष्ट कर दिया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश ने बताया कि सोमवार को डैहर क्षेत्र से जांच के लिए 31 रक्त नमूने लिए गए हैं। इनमें 13 को डेंगू के लक्षण पाए गए हैं।