मंडी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड कनिष्ठ अभियंता एवं अतिरिक्त सहायक अभियंता संघ ने समयबद्ध पदोन्नति, वेतनमान की मांग एवं अन्य समस्याओं के समाधान की मांग बिजली बोर्ड और प्रदेश सरकार से की है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि बिजली बोर्ड प्रबंधन के नकारात्मक रवैये से उनकी मांगें अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं। अगर अब मांग नहीं मानी तो बोर्ड कर्मचारी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेंगे। इससे पहले भी कर्मचारी लामबंद हुए थे, लेकिन ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा के आश्वासन के बाद आंदोलन का बिगुल रोक दिया था। अभी तक न्यायोचित मांगों पर कोई निर्णय नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों में निराशा और असंतुष्टि का माहौल है। कनिष्ठ अभियंता एवं अतिरिक्त सहायक अभियंता संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि अब आर पार की लड़ाई का समय है। बिजली जैसी आवश्यक सेवा के कार्य में जुड़ा बोर्ड तकनीकी कर्मचारियों की अत्यधिक कमी से जूझ रहा है। सामान की कमी, गाड़ियों और अन्य सुविधाओं के अत्यधिक अभाव के कारण कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
000