पेड़ से गिरा व्यक्ति, गंभीर रूप से घायल
नाजुक हालत देख कर परिजन मरीज को लेकर दिल्ली रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
लडभड़ोल(मंडी)। पशुओं को चारा काटते समय पेड़ से गिर कर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली उन्होंने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लडभड़ोल पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बैजनाथ के लिए रेफर कर दिया। बैजनाथ से भी नाजुक हालत के चलते परिजन घायल को दिल्ली ले गए हैं। लड़भडोल पंचायत के पूर्व उप प्रधान प्यार चंद चौहान ने बताया कि राजेश कुमार पुत्र मानक चंद गांव जमथला पशुओं को पेड़ से चारा काट रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया, इस कारण उसे गंभीर चोटें आई हैं। बैजनाथ से परिजन घायल को दिल्ली ले गए हैं।