सरकाघाट (मंडी)। तेज बारिश और तूफान से जालंधर-मनाली नेशनल हाईवे पर आम का पेड़ गिरने से करीब डेढ़ घंटा तक यातायात बाधित रहा। इस घटना में तीन छात्राएं भी बाल-बाल बची हैं। जबकि दो कारों को नुकसान पहुंचा है। यह घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। जब तेज बारिश में कृषि विभाग कार्यालय के आगे और स्कूल गेट के सामने आम का एक भारी पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने के कारण वहां पर टैक्सी यूनियन की दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शी अश्विनी गुलेरिया और सधोट पंचायत के पूर्व प्रधान जितेंद्र कुमार ने बताया कि जब यह पेड़ गिरा तो उसी दौरान स्कूल के गेट से तीन लड़कियां जा रही थीं, जो बाल-बाल बची हैं। इसके बाद दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। करीब डेढ़ घंटे बाद सरकाघाट लोक निर्माण विभाग की ओर से नेशनल हाईवे पर जेसीबी लगाकर पेड़ हटाया गया। एसडीओ प्रकाश चंद ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। इस दौरान विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित रही।