धर्मपुर (मंडी)। सरकाघाट-जोगिंद्रनगर वैकल्पिक सड़क पर भारी बारिश के कारण शाम को एचआरटीसी की बस स्किड होने से बाल बाल बची। बस उस समय सवारियों से भरी थी। गनीमत रही कि बस गिरने से बच गई और किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। बस स्किड होने की जानकारी मिलते ही एचआरटीसी क्षेत्रीय प्रबंधक सरकाघाट नरेंद्र शर्मा ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और घटना की पुष्टि की है। गौर हो कि लोक निर्माण विभाग ने वैकल्पिक सड़क तो बना दी है परंतु इस पर कोई भी सोलिंग या उचित सामग्री नहीं डाली है, जिसके चलते सड़क पर बारिश के बाद दलदल बन गया है। इसमें अन्य वाहनों को यहां से निकालने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।