मंडी (मंडी)। स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी महासंघ ने उपायुक्त मंडी से कॉल व्हीकल यानी आपातकालीन समय में बुलाए गए डाक्टरों, ब्लड बैंक के वाहनों और ऑपरेशन आदि से जुड़ी सामग्री के वाहनों को वन वे आने-जाने की अनुमति मांगी। तर्क दिया कि यह सुविधा न मिलने के चलते कई बार दिक्कतों का सामना रोगियों और आपातकाल में बुलाए गए डॉक्टरों को करना पड़ता है। डॉक्टर समय पर नहीं पहुंच पाते हैं और मरीजों की जान पर बन आती है। इसलिए यह सुविधा मिलना बहुत जरूरी है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी महासंघ मंडी इकाई ने उपायुक्त ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर से मुलाकात की। स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी महासंघ के प्रधान अमरजीत शर्मा ने महासंघ के कर्मचारियों की लंबित मांगों व अन्य समस्याओं के हल की मांग की है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष वंशी लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल सिंह ठाकुर, लेखाकार अच्छर सिंह यादव, चालक संघ के जिलाप्रधान तिलक राज आदि उपस्थित रहे।