नगवाईं (मंडी)। नागचला मनाली फोरलेन विस्थापितों और प्रभावितों की बैठक विश्रामगृह वन विभाग औट में दस दिसंबर को सुबह ग्यारह बजे फोरलेन संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता में होगी। फोरलेन संघर्ष समिति के महासचिव बृजेश महंत ने कहा कि नेरचौक मनाली फोरलेन का कार्य प्रगति पर है तथा एनएच 21 पंडोह बाईपास टकोली फोरलेन का कार्य भी शुरू हो चुका है। लेकिन, अभी तक प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन तथा एनएचएआई की ओर से फोरलेन विस्थापितों और प्रभावितों के पुनर्वासन तथा पुनर्स्थापन का कोई भी प्रावधान नहीं किया गया है। नेरचौक से मनाली तक हजारों लोग फोरलेन की चपेट में आ गए हैं। जिसमें भूमि मालिक किसान, मजदूर, दुकानदार तथा छोटे-छोटे लघु उद्योगी शामिल हैं। उन्होंने नागचला से मनाली तक सभी फोरलेन विस्थापितों और प्रभावितों से अपने हकों की लड़ाई के लिए दस दिसंबर को औट की बैठक में शामिल होने का आग्रह किया है। संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष खुशाल ठाकुर ने बताया कि बिना पुनर्वास और पुनर्स्थापन के प्रभावित हरगिज अपनी जमीनों को खाली नहीं करेंगे।