पधर (मंडी)। द्रंग की भड़वाहन पंचायत के बटाहर में बेली राम कटारिया के घर जन्मी जुड़वां बेटियों का पहला जन्मदिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान परिजनों की ओर से अपने रिस्तेदारों के लिए मंडयाली धाम का विशेष तौर पर आयोजन किया गया। पंचायत की ओर से प्रधान कमांडो जितेंद्र ठाकुर, महिला मंडल नैना की प्रधान पुष्पा ठाकुर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने समारोह में शामिल होकर लाडली बहनों के पिता वीरेंद्र कुमार और माता अनुभा को मेरी लाडली कार्यक्रम के तहत बधाई कार्ड देकर सम्मानित किया। बच्चियों को उपहार भेंट किए। इस अवसर पर महिला मंडल की महिलाओं सहित अन्य रिस्तेदारों ने दिन भर बधाई गीत गाकर भी परिजनों को बधाई दी। डीजे की धुन पर थिरकने का भी रिस्तेदारों ने खासा लुत्फ उठाया। पंचायत प्रधान ने कहा कि मेरी लाडली कार्यक्रम के तहत लोगों की कन्याओं के प्रति धारणा में खासा बदलाव देखने को मिला है। इससे शिशु अनुपात में लड़के और लड़कियों का अंतर भी अब सामान्य हो रहा है। उन्होंने लोगों से लड़कियों को समाज में एक लक्ष्मी का रूप मानकर स्नेह और प्यार देने का भी आह्वान किया। इसके साथ ही लड़कियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए भी प्रेरित किया।