मंडी। सत्य साईं बाबा के 92वें जन्म महोत्सव की पूर्व संध्या पर शहर में सत्य साईं सेवा संगठन की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सत्य साईं बाबा की पालकी के साथ ही मंडी के आसपास के करीब 11 देवी-देवताओं ने भाग लिया। चौहाटा बाजार में मैगल के देवथान और सैण मोहल्ला की साकंभरी माता का भव्य मिलन हुआ। इस दौरान देवताओं के कारदारों ने पूरे विधि विधान से देवताओं का मिलन करवाया और उनकी महिमा का भी बखान किया। सत्य साईं की पालकी के साथ ही 11 देवी देवताओं की झांकी ने शहर का माहौल धार्मिक बना दिया। पूरा शहर ढोल, नगाड़ों और शंख ध्वनियों से गूंज उठा। देवताओं के कारदार और पुजारी देवताओं की पालकियों को उठाकर मंत्र व भजन गाते जा रहे थे। शोभायात्रा में चामुंडा माता स्कूल बाजार, महाकाली और माता चतुर्भुजा पुरानी मंडी, साकंभरी माता सैण मोहल्ला, लौहला माता बतौर तुंगल, नैणा माता सैण, नैणा माता बाधी वीर, नवदुर्गा टांडू, खान पंचवीर ब्रह्मा मैगल और माहूंनाग टारना मंडी शामिल रहे। सत्य साईं समिति के संयोजक वाईपी सरोच ने बताया कि सप्ताह भर से चल रहे इस महोत्सव में साईं समिति मंडी की ओर से कई प्रकार के सामाजिक और धार्मिक कार्य करवाए गए।