24 को बलद्वाड़ा आएंगे सीएम, मिल सकती है सौगात
बलद्वाड़ा (मंडी)। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बलद्वाड़ा दौरे पर 24 दिसंबर को आ रहे हैं। इस दौरान वह कई कार्यों के शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। वह क्षेत्र के तालाब गांव में 11 करोड़ की लागत से बनने वाले बिजली के ट्रांसफार्मर की आधारशिला रखेंगे और जबोथ पुल का भी शिलान्यास करेंगे। सीएम बलद्वाड़ा में लोगों की सालों पुरानी मांग मिनी सचिवालय की मांग को भी पूरा करेंगे। वह बलद्वाड़ा चौकी को फिर से थाना बनाने की घोषण भी करेंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री पेयजल योजना चंदैश-कलर-पटड़ी घाट जो साढ़े चार करोड़ से बनेगी, उसका भी शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह गैहरा स्कूल में एक करोड़ की लागत से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे। करीब 11 माह के बाद यहां पर सीएम का दौरा होने वाला है। इससे लोगों में एक नई उम्मीद जगी है। यहां पर मिनी सचिवालय न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इस क्षेत्र से छीना गया थाना सरकार के खिलाफ जनता के रोष का प्रकट करता है। क्षेत्र में क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसलिए लोगों ने यहां पर थाना बनाने की सरकार से एक बार फिर मांग की है। जनता को पूरी उम्मीद है कि यह मांग सीएम दौर पर पूरी होने वाली है। सीएम दौरे की पुष्टि मंडलाध्यक्ष रूपलाल रत्न ने की है।