बलद्वाड़ा (मंडी)। वन कर्मी बृज लाल की मौत के तीन माह बाद भी परिजनों को विभाग और सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल सकी है। इसके न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने रोष जताया है। ज्वाली निवासी बृज लाल बलद्वाड़ा वन परिक्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा था। 31 जनवरी 2019 को बृज लाल की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। महासंघ के सदस्यों की ओर से दिवंगत कर्मचारी के परिवार को 61 हजार रुपये की राशि जुटाकर परिवार की मदद की है, जबकि सरकार ने परिवार को कुछ भी नहीं दिया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश ठाकुर, जिला प्रधान प्रदीप ठाकुर, राज्य उपप्रधान अरुण धीमान, कोषाध्यक्ष टेकचंद, सरकाघाट ब्लॉक के प्रधान अजय सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने सरकार एवं वन विभाग से आग्रह किया है कि कर्मचारी के परिवार को सभी आर्थिक लाभ जल्द से जल्द दिए जाएं। कर्मचारी की मौत के बाद परिवार दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। जिला मंडी के प्रधान प्रदीप ठाकुर ने कहा कि सरकार को पुरानी पेंशन की बहाली के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए।
000