मंडी। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व सरकार ने वोट बैंक के लिए कई शिक्षण संस्थान खोले और स्तरोन्नत किए लेकिन स्कूल खोलने से वोट बैंक नहीं बढ़ता है। वह वल्लभ कॉलेज में आयोजित वार्षिक समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने पर बल दिया। ऐसे स्कूलों को सुदृढ़ करने की बात कही, जिनमें अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हों। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने ऐसे स्कूलों को स्तरोन्नत कर दिया जहां पर मात्र पांच और छह बच्चे ही शिक्षा ग्रहण करते थे। वह स्वयं एक बार ऐसे स्कूल को स्तरोन्नत करने पहुंच गए थे, जहां मात्र छह ही बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे थे। उन्होंने सोचा कि यह मैं क्या करने जा रहा हूं। उन्होंने शहर में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कांगनी में हेलीपैड का निर्माण किया गया है और पर्यटन विभाग के माध्यम से यहां पर एक बड़े होटल का निर्माण किया जाएगा। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हेलीपैड के आसपास के क्षेत्र को भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी शहर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण करने तथा शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए एक बड़ा प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन व ऑडिटोरियम तथा क्लस्टर विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। शीघ्र ही तीनों भवनों के निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा दिए गए मांग पत्रों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।