धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल की भरौरी और धर्मपुर पंचायत में प्रस्ताव पारित किया गया कि पंचायत की परमिशन के बगैर कोई फेरी वाला पंचायत के किसी भी गांव में नहीं जाएगा। जो भी फेरी वाला पंचायत की परमिशन के बगैर जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भरौरी पंचायत के प्रधान विनोद शर्मा और धर्मपुर पंचायत के प्रधान ठाकर दास ने बताया कि उनकी पंचायतों ने यह प्रस्ताव पारित किया है। इसकी एक प्रतिलिपी पुलिस थाना को भी भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पुलवामा में हुए आतंकी हमले और गांवों में हो रही चोरियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अगर वे गांव में किसी भी फेरी वाले को देखें तो इसकी सूचना पंचायत को दें, ताकि उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा इन पंचायतों में किसान सम्मान निधि योजना के लिए किसानों के फार्म भी भरे गए।